रेलवन ऐप से जनरल टिकट पर 14 जुलाई तक मिलेगी 3 प्रतिशत की छूट

अनोखा तीर, भोपाल। भारतीय रेलवे द्वारा यात्रियों को आधुनिक, सरल और सुविधाजनक डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित रेलवन ऐप के माध्यम से अनारक्षित (जनरल) टिकट बुक करने वाले यात्रियों को 14 जुलाई 2026 तक 3 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। यह विशेष प्रोत्साहन योजना 14 जनवरी 2026 से छह माह के लिए लागू की गई थी। रेलवन ऐप रेल यात्रा से जुड़ी विभिन्न सेवाओं का एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिससे यात्रियों को अलग-अलग ऐप का उपयोग नहीं करना पड़ता। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य यात्रियों को रेलवे के आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ना और डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देना है। रेलवन ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक करने पर ही 3 प्रतिशत की छूट का लाभ मिलेगा। यह सुविधा किसी अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म या वेबसाइट पर उपलब्ध नहीं है। उन्होंने बताया कि छूट का लाभ लेने के लिए यात्रियों को रेलवन ऐप से जनरल टिकट बुक कर भुगतान यूपीआई, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग के माध्यम से करना होगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से रेलवे स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर भीड़ कम होगी, यात्रियों के समय की बचत होगी, नकद लेन-देन में कमी आएगी तथा टिकट बुकिंग प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक बनेगी। रेलवन ऐप की प्रमुख विशेषता इसका सिंगल साइन-ऑन सिस्टम है। जो यात्री पहले से रेल कनेक्ट या यूटीएस ऑन मोबाइल ऐप का उपयोग कर रहे हैं, वे उसी यूजर आईडी और पासवर्ड से रेलवन ऐप में लॉगिन कर सकते हैं। इसके लिए अलग से नया पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं होगी।
रेलवन ऐप एंड्रॉयड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर नि:शुल्क उपलब्ध है। एक बार लॉगिन करने के बाद यात्री आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट बुकिंग, प्लेटफॉर्म टिकट, लाइव ट्रेन स्टेटस, पीएनआर और आरक्षण विवरण, टिकट रद्दीकरण एवं रिफंड, ट्रेन में सीट पर भोजन ऑर्डर तथा रेल मदद के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने और उसके निस्तारण जैसी अनेक सुविधाओं का लाभ एक ही ऐप पर प्राप्त कर सकते हैं। यह ऐप कई भारतीय भाषाओं को भी सपोर्ट करता है। भोपाल मंडल ने यात्रियों से रेलवन ऐप डाउनलोड कर अधिकाधिक उपयोग करने और भारतीय रेलवे की डिजिटल सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

0 Views

Leave a Reply