मूंग खरीदी सीमा बढ़ाने सहित विभिन्न मांगे

-मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

अनोखा तीर, रहटगांव। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में शुक्रवार को मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी की सीमा बढ़ाने, तेज बारिश एवं बाढ़ से हुई फसल क्षति का मुआवजा देने, किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने तथा स्मार्ट मीटर हटाने की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि हरदा जिले में किसानों से केवल 1 क्विंटल 20 किलोग्राम प्रति एकड़ के मान से मूंग खरीदी के लिए स्लॉट बुकिंग की जा रही है, जो किसानों के लिए पर्याप्त नहीं है। कांग्रेस का कहना है कि एक ओर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान किसानों की पूरी मूंग खरीदी की बात करते हैं, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति इसके विपरीत है। ज्ञापन के माध्यम से यह भी उल्लेख किया गया कि वर्ष 2017 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने की बात कही थी, लेकिन किसानों की आय बढ़ने के बजाय खेती की लागत कई गुना बढ़ गई है। कांग्रेस ने मांग की कि हरदा जिले में पूर्व व्यवस्था के अनुसार प्रति एकड़ 5 क्विंटल मूंग की खरीदी सुनिश्चित की जाए। कांग्रेस ने किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने, ई-टोकन व्यवस्था समाप्त करने तथा खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने की भी मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि जिले के अधिकांश किसान अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग से हैं। कई किसानों के पास मोबाइल फोन नहीं हैं और अनेक किसान पट्टे की भूमि पर खेती करते हैं, जिससे उन्हें ई-टोकन और खाद प्राप्त करने में परेशानी हो रही है। राजस्थान की तर्ज पर मध्यप्रदेश में भी किसानों को खुली दुकानों से खाद उपलब्ध कराने की मांग की गई। टिमरनी जनपद उपाध्यक्ष अनिल कुमार वर्मा (लिबर्टी) ने बताया कि ग्राम पंचायत नजरपुरा में मुक्तिधाम तक पहुंचने के लिए नदी पर पुलिया का निर्माण प्रस्तावित है, लेकिन ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग द्वारा तकनीकी स्वीकृति नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि 12 जुलाई की सुबह तक स्वीकृति नहीं मिली तो ग्रामीणों के साथ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहन सांई, टिमरनी जनपद उपाध्यक्ष अनिल कुमार वर्मा (लिबर्टी), ब्लॉक अध्यक्ष टिमरनी विनोद पटेल, ब्लॉक अध्यक्ष रहटगांव रामदीन पटेल, विपिन नामदेव, देवीसिंह राजपूत, नवनीत बाजपेई, परेश भारद्वाज, पुरुषोत्तम भारद्वाज, विष्णु सोनी, राजू पाल, जयराम चौहान, विजय सिंह सुरमा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

0 Views

Leave a Reply