आधे दिन बंद रहा हरदा, शहर की सीमाओं पर किया चक्काजाम

-मांगे नहीं मानी तो भोपाल कूच करेंगे किसान

अनोखा तीर, हरदा। जिला मुख्यालय स्थित कृषि उपज मंडी में भारतीय किसान संघ का अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुक्रवार को सातवें दिन भी जारी रहा। संघ के आह्वान पर आधे दिन का हरदा बंद रहा, जिसे व्यापारियों का भरपूर समर्थन मिला। शहर में केवल सब्जी, दूध और मेडिकल स्टोर खुले रहे, जबकि अन्य दुकानें बंद रहीं। भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने हाथ जोड़कर व्यापारियों से बाजार बंद रखने की अपील की। यह बंद किसानों से समर्थन मूल्य पर शत-प्रतिशत मूंग खरीदी की मांग को लेकर किया गया। भारतीय किसान संघ के संभागीय अध्यक्ष विनोद पाटिल ने कहा कि यदि सरकार ने उनकी मांग नहीं मानी तो पहले संभागीय स्तर पर और उसके बाद राजधानी भोपाल में प्रदेश स्तरीय आंदोलन किया जाएगा।
वहीं  आम किसान यूनियन ने भी शत-प्रतिशत मूंग खरीदी की मांग को लेकर शुक्रवार शाम 4 से 5 बजे के बीच जिला मुख्यालय में प्रवेश करने वाले चारों प्रमुख मार्गों पर चक्काजाम किया। किसानों ने इंदौर रोड, खंडवा रोड और अबगांवखुर्द के पास प्रमुख मार्गों को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि सरकार उनके मूंग का पूरा उत्पादन समर्थन मूल्य पर खरीदे। उनका आरोप है कि मौजूदा खरीदी व्यवस्था से किसानों को नुकसान हो रहा है। कृषि उप संचालक प्रकाश ठाकुर ने बताया कि प्रदेश में मूंग का औसत उत्पादन 12 क्विंटल प्रति हेक्टेयर निर्धारित किया गया है। शासन के निर्देशानुसार उत्पादन का केवल 25 प्रतिशत ही खरीदा जा रहा है। हरदा जिले में इस वर्ष 1 लाख 24 हजार हेक्टेयर में मूंग की खेती हुई है। मूंग बेचने के लिए 41,418 किसानों ने पंजीयन कराया है। वर्तमान में सरकार प्रति एकड़ केवल 1 क्विंटल 20 किलोग्राम मूंग की खरीदी कर रही है। इसी को लेकर किसानों में नाराजगी है। आम किसान यूनियन और राष्ट्रीय किसान मोर्चा के बैनर तले किसानों ने चक्काजाम के दौरान सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। उन्होंने सरकार से किसानों के हित में निर्णय लेने की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि 100 प्रतिशत मूंग की खरीदी नहीं की गई तो वे भोपाल का घेराव करेंगे। चक्काजाम की पूर्व सूचना होने के कारण पुलिस और प्रशासन ने वैकल्पिक यातायात व्यवस्था की। बायपास हनुमान मंदिर, खेड़ीपुरा नाका और सिविल लाइन थाना क्षेत्र से वाहनों को डायवर्ट किया गया। चक्काजाम के सभी स्थानों पर पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे।

0 Views

Leave a Reply