कलेक्टर ने विद्युत व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा की

अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने बुधवार को म.प्र. मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, हरदा के विभिन्न विकास कार्यों एवं विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में संपर्क अभियान-2006 के अंतर्गत की जा रही कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि संपर्क अभियान के तहत विभिन्न वितरण केंद्रों द्वारा कुल 90 शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में कुल 11,309 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 11,138 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है। कलेक्टर ने हरदा जिले के 33/11 के.व्ही. विद्युत उपकेंद्रों से विद्युत प्रदाय की वर्तमान स्थिति एवं प्रगति की जानकारी ली। बैठक में कलेक्टर ने एसएसटीडी एवं आरआरडीएस योजनाओं के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी एजेंसियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर की स्थापना एवं आवश्यक स्थानों पर ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि संबंधी कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले में विद्युत अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण के सभी कार्यों में तेजी लाई जाए तथा निर्माणाधीन कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। बैठक में म.प्र. मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, हरदा के महाप्रबंधक सुरेश कुमार, उपमहाप्रबंधक संजय यादव, संजय चंदेल एवं भागीरथ मंडल उपस्थित थे।

0 Views

Leave a Reply