-पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, विद्यार्थियों ने पौधरोपण का लिया संकल्प
अनोखा तीर, टिमरनी। मंगलवार को नॉलेज पब्लिक विद्यालय में वन महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विकासखंड टिमरनी के बीआरसी राकेश मंडलेकर एवं जन शिक्षक अजय मालवीय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। मुख्य अतिथि, शाला संचालक, विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को वृक्षों के महत्व, पर्यावरण संरक्षण तथा प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों से अवगत कराया। मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर उनकी सेवा करने की अपील की। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई पर विशेष ध्यान देकर माता-पिता, विद्यालय, शहर एवं शिक्षकों का नाम रोशन करने का आह्वान किया। वन महोत्सव के तहत विद्यालय परिवार द्वारा नन्हे-मुन्ने बचों के लिए रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रकृति से प्राप्त पत्तों एवं फूलों का उपयोग कर आकर्षक रंगोलियां बनाई गईं। साथ ही पॉट मेकिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने प्राकृतिक फूलों एवं पत्तियों से सुंदर सजावट की। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। कक्षा छठवीं के विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित गीत तथा कक्षा चौथी के विद्यार्थियों ने नृत्य प्रस्तुति देकर सभी को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया। अतिथियों की उपस्थिति में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा पर्यावरण को स्वछ एवं हरित बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन स्कूल वाइस कैप्टन ईशान शुक्ला द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।





