गांगला में पानी निकासी के लिए पीडब्ल्यूडी ने जेसीबी से खोदी नाली, ग्रामीणों को मिली राहत

अनोखा तीर, मसनगांव। ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले ग्राम गांगला में पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाई जा रही नई सड़क के कारण उत्पन्न जलभराव की समस्या पर आखिरकार प्रशासन हरकत में आया। लगातार हुई बारिश के बाद गांव के कई घरों में पानी घुसने से लोगों की गृहस्थी का सामान खराब हो गया था। इस संबंध में अनोखा तीर द्वारा समाचार प्रकाशित किए जाने के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग ने जेसीबी मशीन से अस्थायी नाली खोदकर पानी निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था की, जिससे ग्रामीणों को राहत मिली। ग्रामीणों ने बताया कि स्टेट हाईवे से हंडिया तक बनाई जा रही सड़क ऊंची होने के कारण वर्षा का पानी कई घरों में भर गया। सड़क निर्माण के दौरान उचित जल निकासी की व्यवस्था नहीं किए जाने से बारिश ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई। इससे कई परिवारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा और लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ गई। समस्या गंभीर होने पर ग्रामीणों ने हरदा एसडीएम अशोक डेहरिया से शिकायत की। शिकायत के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों द्वारा जेसीबी मशीन की सहायता से नाली खोदकर पानी निकासी का अस्थायी मार्ग बनाया गया, जिससे पानी निकासी की व्यवस्था तो हो गई, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो सका। ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल अस्थायी समाधान है। भविष्य में फिर ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए सड़क के साथ स्थायी नाली और पुलिया का निर्माण कराया जाना आवश्यक है। ग्रामीण जगदीश, सतीश, नर्मदा प्रसाद, इमरतलाल सहित अन्य लोगों ने बताया कि फिलहाल पानी निकासी की व्यवस्था होने से राहत मिली है, लेकिन जब तक स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था नहीं बनाई जाती, तब तक हर बारिश में यही समस्या बनी रहेगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

0 Views

Leave a Reply