अनोखा तीर, सिराली। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने सिराली तहसील के किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। तहसील के अधिकांश गांवों में खेतों में पानी भर जाने से सोयाबीन की फसल जड़ सड़न (रूट रॉट) बीमारी की चपेट में आ गई है। अधिक समय तक खेतों में पानी भरा रहने से पौधे पीले पड़कर सूखने लगे हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका है। किसानों का कहना है कि इस वर्ष उन्होंने बाजार से महंगे दामों पर सोयाबीन का बीज खरीदा था। सामान्य कीमत की तुलना में बीज के दाम बढ़कर 15 हजार से 19 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गए थे। अच्छी उपज की उम्मीद में किसानों ने महंगा बीज बोया, लेकिन लगातार बारिश ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। फसल पूरी तरह खराब होने की स्थिति में किसानों को दोबारा बुवाई करनी पड़ेगी, जिसके लिए फिर से महंगे दामों पर बीज खरीदना उनकी मजबूरी बन जाएगी। पहले से बढ़ती खेती लागत से परेशान किसानों पर यह दोहरी आर्थिक मार साबित होगी। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से तत्काल गिरदावरी सर्वे कराकर वास्तविक नुकसान का आकलन करने तथा शीघ्र राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग की है। किसानों का कहना है कि समय रहते सहायता नहीं मिली तो वे गंभीर आर्थिक संकट में फंस जाएंगे। क्षेत्र के किसानों ने शासन से प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान को गंभीरता से लेते हुए विशेष राहत पैकेज घोषित करने की मांग की है, ताकि प्रभावित किसानों को आर्थिक संबल मिल सके।
मूसलाधार बारिश ने उजाड़ी किसानों की उम्मीदें, सिराली तहसील में सोयाबीन की फसल चौपट

0 Views




