बिजली उपभोक्ताओं को अलर्ट

-फर्जी मैसेज और कॉल के जरिए हो रही ठगी, अधिकृत माध्यमों से ही करें बिल भुगतान
अनोखा तीर, हरदा। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर एवं चंबल संभाग के 16 जिलों के बिजली उपभोक्ताओं से फर्जी कॉल, एसएमएस और व्हाट्सएप संदेशों के माध्यम से हो रही साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील की है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि बिजली बिल का भुगतान केवल अधिकृत माध्यमों से ही करें। कंपनी ने बताया कि उपभोक्ता बिजली बिल का नगद भुगतान कंपनी के जोन एवं वितरण केंद्र कार्यालय, पीओएस मशीन अथवा अधिकृत भुगतान केंद्रों जैसे एमपी ऑनलाइन और कॉमन सर्विस सेंटर पर कर सकते हैं। वहीं ऑनलाइन भुगतान के लिए कंपनी के पोर्टल, फोनपे, अमेजन पे, गूगल पे, पेटीएम, व्हाट्सएप पे तथा उपाय मोबाइल एप जैसी अधिकृत सेवाओं का उपयोग किया जा सकता है। कंपनी के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि असमय बिजली विच्छेदन से बचने के नाम पर किसी निजी मोबाइल नंबर से कॉल, एसएमएस या व्हाट्सएप संदेश भेजकर भुगतान करने के लिए नहीं कहा जाता। कंपनी के एसएमएस केवल सेंडर आईडी तथा व्हाट्सएप संदेश केवल 07552551222 सेंडर आईडी से ही भेजे जाते हैं। किसी अन्य नंबर या सेंडर आईडी से प्राप्त संदेशों पर विश्वास नहीं करें। कंपनी ने बताया कि बिजली बिल का भुगतान उपभोक्ता पहचान संख्या (आईवीआरएस नंबर) के आधार पर किया जाता है। इसलिए किसी भी अनजान मोबाइल नंबर, लिंक या एप के माध्यम से भुगतान न करें और न ही अपना पिन, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा करें। कंपनी के संज्ञान में आया है कि साइबर जालसाज बिजली काटने का भय दिखाकर उपभोक्ताओं से विशेष नंबर दबाने, किसी लिंक पर क्लिक करने या अनजान मोबाइल नंबर पर राशि भेजने के लिए कहते हैं। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार के सभी कॉल, एसएमएस और व्हाट्सएप संदेश फर्जी हैं। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे ऐसे साइबर जालसाजों से सतर्क रहें। यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी का प्रयास हो तो इसकी सूचना तत्काल भारत सरकार की साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।

0 Views

Leave a Reply