गुर्जर समाज के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, 44 जरूरतमंद छात्रों को मिली छात्रवृत्ति

अनोखा तीर, हरदा। श्री भुआणा प्रांतीय गुर्जर समाज शिक्षा कोष समिति, हरदा द्वारा रविवार को श्री गुर्जर मंगल भवन में प्रतिभा सम्मान-2026 एवं छात्रवृत्ति वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष रामकृष्ण दुगाया ने की। कार्यक्रम में समाज के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समिति के कोषाध्यक्ष नितिन पाटिल ने बताया कि कक्षा 12वीं के 24 तथा कक्षा 10वीं के 46 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही दोनों कक्षाओं के टॉप-6 विद्यार्थियों का विशेष सम्मान किया गया। इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के कक्षा 8वीं, 9वीं, 10वीं एवं 11वीं के 44 विद्यार्थियों को लगभग 1.35 लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। समारोह के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक डॉ. आर.के. दोगने ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज के मेधावी छात्र-छात्राएं देश का भविष्य हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे रामकृष्ण दुगाया ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में माता-पिता और शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावक और गुरुजन भी सम्मान के समान रूप से सम्मान के हकदार हैं। समिति ने बताया कि गुर्जर समाज द्वारा प्रत्येक वर्ष जुलाई माह के प्रथम रविवार को मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान एवं आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान कर शिक्षा को बढ़ावा दिया जाता है। इस अवसर पर श्री भुआणा प्रांतीय गुर्जर महासभा के अध्यक्ष रामकृष्ण दुगाया, उपाध्यक्ष ओमप्रकाश मोरछले, श्रीरामशंकर मुकाती, समिति संयोजक डॉ. एस.एन. बांठे, कोषाध्यक्ष नितिन पाटिल, महिला मंडल अध्यक्ष राजकुमारी मुकाती, उपाध्यक्ष लाजवंती पाटिल सहित समाज के वरिष्ठजन, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। समारोह में विद्यार्थियों और अभिभावकों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे शिक्षा को प्रोत्साहित करने वाली प्रेरणादायी पहल बताया।

0 Views

Leave a Reply