अनोखा तीर, हरदा। राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में जिला, विकासखंड, संकुल एवं वार्ड/ग्राम स्तर पर चरणबद्ध प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे। इन प्रशिक्षणों का उद्देश्य कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों, शिक्षकों एवं अक्षर साथियों को प्रशिक्षित करना है। जिला सह समन्वयक मुकेश शर्मा ने बताया कि जिला स्तरीय प्रशिक्षण 7 जुलाई को जनपद शिक्षा केंद्र हरदा में आयोजित होगा। प्रशिक्षण का संचालन जिला सह समन्वयक मुकेश शर्मा तथा विकासखंड सह समन्वयक मुकेश वारवे एवं मुकेश मालवीय द्वारा किया जाएगा। इसमें विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्रोत समन्वयक, विकासखंड अकादमिक समन्वयक, डाइट विकासखंड प्रभारी तथा जिला परियोजना प्रबंधक (एसआरएलएम) सहभागिता करेंगे। उन्होंने बताया कि विकासखंड स्तरीय प्रशिक्षण 9 जुलाई को जनपद शिक्षा केंद्र हरदा, 10 जुलाई को जनपद पंचायत खिरकिया के सभाकक्ष तथा 11 जुलाई को उत्कृष्ट विद्यालय टिमरनी में आयोजित किए जाएंगे। इन प्रशिक्षणों में संकुल प्राचार्य, जनशिक्षक एवं संकुल सह समन्वयक शामिल होंगे। इसके बाद विकासखंड स्रोत समन्वयकों द्वारा 40-40 सामाजिक चेतना केंद्रों के नोडल अधिकारियों (प्रधान अध्यापकों) के बैच बनाकर संकुल स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे। प्रशिक्षण की तिथियों का निर्धारण संबंधित विकासखंड स्रोत समन्वयक करेंगे। इन प्रशिक्षणों में सामाजिक चेतना केंद्रों के नोडल अधिकारी एवं स्वेच्छा से जुड़े अक्षर साथी सहभागिता करेंगे। संकुल स्तरीय प्रशिक्षण के उपरांत वार्ड एवं ग्राम स्तर पर अन्य शिक्षकों एवं अक्षर साथियों का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा, ताकि उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक नवसाक्षरों तक शिक्षा का लाभ पहुंचाया जा सके।
उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम का प्रशिक्षण ७ जुलाई से

0 Views




