चार दिन से दोपहर में बंद हो रही बिजली, ग्रामीण परेशान

-33 केवी लाइन की खराबी सुधारने के नाम पर जारी कटौती, गर्मी में बढ़ी मुश्किलें

अनोखा तीर, मसनगांव। क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था इन दिनों पटरी से उतरती नजर आ रही है। 33 केवी लाइन में आई खराबी को सुधारने के लिए पिछले चार दिनों से प्रतिदिन दोपहर के समय बिजली आपूर्ति बंद रखी जा रही है। इसके बावजूद सुबह, शाम और रात में भी हो रही अघोषित कटौती से उपभोक्ताओं की परेशानी कम होने के बजाय लगातार बढ़ती जा रही है। भीषण गर्मी के बीच घंटों बिजली गुल रहने से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को उठानी पड़ रही है। दिन में बिजली नहीं रहने से घरों में उमस बढ़ जाती है, वहीं रात में कटौती होने से लोगों की नींद भी प्रभावित हो रही है।  ग्रामीणों का कहना है कि विभाग द्वारा लगातार मेंटेनेंस और सुधार कार्य किए जाने की जानकारी दी जा रही है, लेकिन इसके बावजूद बिजली आपूर्ति में अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। कई स्थानों पर लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या भी बनी हुई है। किसानों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वहीं पेयजल व्यवस्था पर भी असर पड़ रहा है, क्योंकि कई गांवों में ट्यूबवेल और मोटर बिजली पर निर्भर हैं।
मोटर पंप बंद होने के बावजूद बढ़ी ट्रिपिंग की समस्या
क्षेत्र में इस समय खेतों में चलने वाले मोटर पंप आदि बंद होने के बावजूद ट्रिपिंग की समस्या बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार हर 15 से 20 मिनट में ट्रिप होकर बिजली बंद हो जाती है। विद्युत वितरण कंपनी द्वारा लगातार मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली बंद रखी जाती है, लेकिन इसके बावजूद सुधार नहीं होने से ग्रामीणों की समस्याएं बढ़ रही हैं। ग्रामीण कमालुद्दीन लोहार, सगीर खान और छोटेलाल सुथार ने बताया कि बिजली बंद रहने से वेल्डिंग मशीनें बंद रहती हैं, जिससे सुबह से शाम तक मिस्त्रियों को खाली बैठना पड़ता है। इससे जहां मजदूरी का खर्च बढ़ रहा है, वहीं काम भी समय पर पूरा नहीं हो पा रहा है। क्षेत्रवासियों ने विद्युत वितरण कंपनी से जल्द स्थायी समाधान कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

0 Views

Leave a Reply