आज निकलेगी भव्य शोभायात्रा

-पुरस्कार वितरण के साथ होगा महेश नवमी महोत्सव का समापन

अनोखा तीर, हरदा। माहेश्वरी समाज द्वारा आयोजित चार दिवसीय महेश नवमी महोत्सव का समापन मंगलवार को विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के साथ होगा। समाजजन पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ महोत्सव में सहभागिता कर रहे हैं। सोमवार को महोत्सव के अंतर्गत दोपहर 2 बजे से नि:शुल्क नाड़ी रोग परामर्श शिविर आयोजित किया गया, जिसमें विशेषज्ञ सुरेशचंद्र राठी ने समाज के अनेक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया। इसके बाद विभिन्न आयु वर्गों के लिए प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। प्रतिभागियों ने रूई के गहने बनाना, भगवान की पिछवाई सजावट, तारक मेहता का उल्टा चश्मा कॉमेडी प्रस्तुति, क्ले से शिवलिंग निर्माण, गीता श्लोक, लिखित एवं खेल आधारित प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। शाम 5 बजे सिविल लाइन स्थित खेल भवन में बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं रात्रि 9 बजे से कपल गेम, वन मिनट गेम एवं सरप्राइज गेम्स ने प्रतिभागियों का भरपूर मनोरंजन किया। समाज अध्यक्ष राजीव मोहता ने बताया कि मंगलवार सुबह 8 बजे श्री मदनमोहन मंदिर में अभिषेक एवं आरती होगी। इसके बाद शाम 4.30 बजे श्री कन्हैया मंदिर से श्री मदनमोहन मंदिर तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में समाज के पुरुषों से सफेद एवं महिलाओं से केसरिया परिधान में शामिल होने का आग्रह किया गया है। महोत्सव का समापन शाम 6.30 बजे श्री माहेश्वरी मांगलिक भवन में पुरस्कार वितरण एवं प्रसादी के साथ होगा। आयोजन को सफल बनाने में माहेश्वरी समाज, माहेश्वरी महिला मंडल, माहेश्वरी युवा संगठन एवं माहेश्वरी नवयुवती संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। समाज के सचिव गिरिराज तोतला ने सभी समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।

0 Views

Leave a Reply