Skip to content
Saturday, 17 October 2026
हरदा

तेज रफ्तार डंपर ने बोलेरो को मारी टक्कर, रेलवे के पांच कर्मचारी घायल

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। जिले के छीपाबड़ थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार डंपर ने बोलेरो वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बोलेरो चालक सहित रेलवे के पांच कर्मचारी घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल हरदा एवं रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना ग्राम बारंगी बस स्टैंड के पास सुबह करीब 11 बजे की है। रेलवे टेक्नीशियन संतोष दुबे ने बताया कि वे तीन टेक्नीशियन और एक हेल्पर के साथ हरदा स्टेशन से बिजली का सामान लेकर खिरकिया स्टेशन पर केबल डालने के लिए जा रहे थे। बारंगी बस स्टैंड पर एक यात्री बस सवारियां बैठाने के लिए रुकी हुई थी, जिसके पीछे उनकी बोलेरो गाड़ी भी खड़ी थी। इसी दौरान मसनगांव की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बोलेरो को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो पहले बस से टकराई और उसके बाद एक पेड़ से जा भिड़ी। हादसे में बोलेरो चालक राधाशरण पिता पूनमचंद सांखला 26 के पैरों में फ्रैक्चर हुआ है। वहीं टेक्नीशियन राजेंद्र पिता नानकराम जाट 34, लेखपाल पिता देवकीनंदन माहौर 27, संतोष पिता शिवानंद दुबे 37 तथा हेल्पर रामदास 59 को भी चोटें आई हैं। घायलों में राधाशरण और राजेंद्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि लेखपाल, रामदास और संतोष का उपचार रेलवे अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर दुर्घटना करने वाले चालक की तलाश की जा रही है।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply