एमडी पाउडर सहित दो आरोपी गिरफ्तार, 15.50 लाख रुपए का मशरूका जब्त

अनोखा तीर, हरदा। कोतवाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 54.76 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) पाउडर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मादक पदार्थ, कार एवं नगदी सहित कुल 16 लाख 62 हजार 700 रुपए का मशरूका जब्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी हरदा के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान 19 जून 2026 को थाना कोतवाली पुलिस इलाका गश्त पर थी। इसी दौरान कैदी ढाबा के सामने रात्रि में एक संदिग्ध फ्रॉन्क्स कार क्र.एमपी-04 वाईएस-4731 खड़ी दिखाई दी। संदेह के आधार पर कार में बैठे दो व्यक्तियों की तलाशी एवं पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 54.76 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी पाउडर (मेफेड्रोन), जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख 50 हजार रुपए तथा घटना में प्रयुक्त कार, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपए है, बरामद कर जब्त की गई। इसके अलावा आरोपी रामेश्वर मुड़ेल के बताए अनुसार कार की पीछे की सीट के नीचे रखे 69 हजार 500 रुपए तथा विनोद यादव उर्फ बबलू यादव के बताए अनुसार ड्राइवर सीट के पीछे कवर में छिपाकर रखे 43 हजार 200 रुपए भी जब्त किए गए। इस प्रकार कुल 1 लाख 12 हजार 700 रुपए नगद बरामद हुए। पुलिस ने रामेश्वर पिता राम भरोस मुड़ेल (47) निवासी ग्राम गोयत, थाना टिमरनी तथा विनोद पिता कोदर यादव (48) निवासी ग्राम रोलगांव, थाना सिराली को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली हरदा में अपराध क्र.408/26 के तहत धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थ के स्रोत एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में मारपीट के मामले भी दर्ज हैं। इस कार्रवाई में सउनि जितेंद्र राजपूत, सउनि सुरेंद्र श्रीवास्तव, प्रआर हरिप्रसाद पटेल, आरक्षक प्रदीप मालवीय, आरक्षक सजन राजपूत, आरक्षक नीलेश पटेल, साइबर सेल के आरक्षक कमलेश सिंह परिहार एवं आरक्षक लोकेश सातपुते की सराहनीय भूमिका रही।

0 Views

Leave a Reply