अनोखा तीर, हरदा। नगर की माहेश्वरी समाज द्वारा महेश नवमी महोत्सव का चार दिवसीय आयोजन 20 जून से 23 जून तक किया जाएगा। महोत्सव के तहत महिलाओं, युवाओं और बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं के साथ रक्तदान शिविर, स्कूटी ट्रेजर हंट, शतरंज एवं कैरम प्रतियोगिता का आयोजन रखा गया है। कार्यक्रम का शुभारंभ शनिवार को दोपहर 2 बजे दीप प्रज्वलन एवं महेश वंदना के साथ होगा। पहले दिन महिलाओं के लिए छेना से बने मीठे व्यंजन, गीले नारियल के नमकीन व्यंजन, मेहंदी टैटू प्रतियोगिता, लिखित एवं खेल आधारित प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं 3 से 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए पर्सनैलिटी डेवलपमेंट प्रतियोगिता रखी गई है। शाम 6 बजे से 16 वर्ष तक के बच्चों के लिए बाल आउट गेम, सरप्राइज गेम एवं साइकिल क्रिकेट जैसी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। महोत्सव के दूसरे दिन 21 जून रविवार को सुबह 9 बजे से स्कूटी ट्रेजर हंट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दो सदस्यों की टीम भाग ले सकेगी। प्रतियोगिता में टीम के एक सदस्य के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस एवं हेलमेट होना अनिवार्य रहेगा। आयोजन केवल स्कूटी एवं स्कूटर पर आधारित होगा, मोटरसाइकिल एवं कार को अनुमति नहीं दी जाएगी। सुबह 10 बजे से विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके बाद सुबह 11 बजे शतरंज एवं कैरम प्रतियोगिताएं होंगी। दोपहर 3.30 बजे से शपथ विधि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मध्यांचल माहेश्वरी संगठन के उपसभापति विजय राठी एवं प्रादेशिक महिला संगठन की प्रकल्प प्रमुख उर्मिला सादानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। रात्रि 9 बजे सरप्राइज गेम का आयोजन होगा। 22 जून सोमवार को दोपहर 3 बजे से महिलाओं, बच्चों एवं युवाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसमें रूई के गहने बनाना, भगवान की पिछवाई सजावट, तारक मेहता का उल्टा चश्मा कॉमेडी प्रस्तुति, बच्चों के लिए क्ले से शिवलिंग निर्माण, लिखित एवं खेल आधारित गेम तथा गीता श्लोक प्रतियोगिता शामिल हैं। शाम 5 बजे से सिविल लाइन स्थित खेल भवन में बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। रात्रि 9 बजे से कपल गेम, एक मिनट गेम एवं सरप्राइज गेम का आयोजन किया जाएगा। 23 जून मंगलवार को सुबह 8 बजे श्री मदनमोहन मंदिर में अभिषेक एवं आरती का आयोजन होगा। इसके बाद शाम 4.30 बजे श्री कन्हैया मंदिर से श्री मदनमोहन मंदिर तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। आयोजन समिति ने पुरुषों से सफेद एवं महिलाओं से केसरिया परिधान में शामिल होने की अपील की है। महोत्सव का समापन शाम 6.30 बजे श्री माहेश्वरी मांगलिक भवन में पुरस्कार वितरण एवं प्रसादी के साथ होगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए माहेश्वरी समाज, माहेश्वरी महिला मंडल, माहेश्वरी युवा संगठन एवं माहेश्वरी नवयुवती संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य तैयारियों में जुटे हुए हैं। समाज के अध्यक्ष राजीव मोहता ने समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रमों को सफल बनाने का आग्रह किया है।
माहेश्वरी समाज का चार दिवसीय महेश नवमी महोत्सव आज से

0 Views

