-चिकित्सक पर रुपए मांगने के आरोप, धरने पर बैठे ग्रामीण
अनोखा तीर, रहटगांव। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में वर्तमान डॉक्टर अंसुल नरनावरे द्वारा अस्पताल में उचित उपचार न किए जाने और गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए तथा मरीजों से उपचार के नाम पर पैसे मांगने की शिकायत को लेकर शनिवार सुबह से बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन धरने पर बैठ गए। दोपहर में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एचपी सिंह एवं टिमरनी सीएमओ डॉ. एमके. चौरे द्वारा लिखित आश्वासन दिया गया कि जल्द स्थायी डॉक्टर की नियुक्ति की जाएगी। तब तक टिमरनी बीएमओ डॉ. एमके. चौरे स्वयं यहां की व्यवस्थाएं संभालेंगे। ग्रामीणों द्वारा अस्पताल की अन्य समस्याएं भी रखी गईं, जिन्हें जल्द हल करने का आश्वासन दिया गया। टिमरनी जनपद उपाध्यक्ष एवं रोगी कल्याण समिति अध्यक्ष अनिल कुमार वर्मा (लिबर्टी) ने बताया कि समय-सीमा में डॉक्टर की नियुक्ति नहीं होने पर पुन: धरना दिया जाएगा। वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एचपी सिंह ने बताया कि वर्तमान स्थिति में शासन के आदेश अनुसार डॉ. अरुण अहिरवार की पदस्थापना रहटगांव में हुई है, जिसकी ज्वाइनिंग के लिए संचालनालय भोपाल से अनुमति प्रक्रियाधीन है, जो एक सप्ताह में पूरी होने की संभावना है। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित चिकित्सा अधिकारियों की पदस्थापना प्रक्रिया में है, जिसके अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रहटगांव में भी नियुक्ति की संभावना है। साथ ही पूर्व नियुक्त डॉक्टर अंसुल नरनावरे को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है तथा उनके विरुद्ध जांच प्रक्रिया जारी है। आवेदन में बताया गया कि पहले अस्पताल में लगभग 1800 ओपीडी प्रतिमाह होती थी, जो वर्तमान में घटकर 250 से 300 रह गई है। मरीजों के साथ दुर्व्यवहार और स्टाफ से अभद्र व्यवहार की शिकायतें भी सामने आई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि डॉक्टर स्वयं स्वीकार करते हैं कि उन्हें पूर्ण चिकित्सकीय ज्ञान नहीं है, जिससे बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से 75 गांव जुड़े हैं, जिनमें अधिकांश आदिवासी क्षेत्र हैं। पूर्व में इसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाए जाने का आश्वासन भी दिया गया था, जो अभी तक पूरा नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने मांग की कि स्थायी डॉक्टर, महिला डॉक्टर, नर्सिंग ऑफिसर, गार्ड, स्टोर कीपर सहित एनआरसी में एएनएम की नियुक्ति की जाए तथा पीआईसीयू कक्ष की व्यवस्था, शव वाहन, एंबुलेंस और बिजली लाइन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इस दौरान शशिकांत वर्मा, पुरुषोत्तम भारद्वाज, परेश भारद्वाज, सतीष जगनवार, बलराम गौर, नवनीत बाजपेई, संतु राजपूत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

