-जिला जेल में आध्यात्मिक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
अनोखा तीर, हरदा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा जिला जेल में बंदियों के लिए आध्यात्मिक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नशामुक्ति पर आधारित नाटक के माध्यम से बंदियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया तथा नशे की लत छोड़कर स्वस्थ, सकारात्मक और सम्मानपूर्ण जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर बीके भव्यता बहन, बीके किरण बहन एवं बीके राजेश भाई ने नवरात्रि के आध्यात्मिक रहस्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नवरात्रि केवल देवी-पूजन का पर्व नहीं, बल्कि अपने अंदर की बुराइयों पर विजय प्राप्त कर दैवी गुणों को धारण करने का संदेश देती है। सच्ची साधना तभी सार्थक है, जब हम अपने जीवन में शांति, प्रेम, पवित्रता और सद्भावना को अपनाएं। उन्होंने घर को मंदिर बनाने का संदेश देते हुए कहा कि जिस घर में प्रेम, सम्मान, मधुर वाणी, अच्छे संस्कार और सकारात्मक विचार होते हैं, वहां सुख-शांति का वातावरण बनता है। यदि हम अपने विचारों और व्यवहार को श्रेष्ठ बनाएं तथा व्यसनों एवं बुराइयों से दूर रहें, तो हमारा जीवन और परिवार दोनों सुखमय बन सकते हैं। जेल उप अधीक्षक दिलीप सिंह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन निश्चित ही बंदियों को परिवर्तन की ओर प्रेरित करते हैं तथा उनके अंदर सुधार की भावना जागृत करते हैं। ऐसे आध्यात्मिक एवं जागरूकता कार्यक्रम बंदियों को अपनी गलतियों से सीख लेकर सकारात्मक जीवन अपनाने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों में आत्मचिंतन, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूकता लाना तथा उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर उप जेल अधीक्षक दिलीप सिंह एवं जेल स्टाफ उपस्थित रहा।







