स्मार्ट मीटरों के खिलाफ महिलाओं का फूटा आक्रोश

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-विद्युत सब स्टेशन पहुंचकर किया जोरदार प्रदर्शन

अनोखा तीर, हंडिया। तहसील क्षेत्र में बिजली बिलों को लेकर उपभोक्ताओं का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। मनमाने बिजली बिलों और स्मार्ट मीटरों की कथित गड़बड़ियों से परेशान महिलाओं ने बुधवार को हंडिया विद्युत सब स्टेशन पहुंचकर बिजली वितरण कंपनी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने विभागीय अधिकारियों पर उपभोक्ताओं से अनुचित राशि वसूलने का आरोप लगाते हुए तत्काल समस्या के समाधान की मांग की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पहुंची महिलाओं ने बताया कि उनके घरों में लगाए गए स्मार्ट मीटर वास्तविक खपत से कहीं अधिक रीडिंग दर्ज कर रहे हैं, जिसके कारण बिजली बिल कई गुना बढ़कर आ रहे हैं। उनका कहना है कि अधिकांश प्रभावित परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं और बढ़े हुए बिजली बिलों का भुगतान करना उनके लिए मुश्किल हो गया है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि इस संबंध में कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। विभाग की उदासीनता के कारण उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही स्मार्ट मीटरों की जांच कर उपभोक्ताओं को राहत नहीं दी गई तो वे सामूहिक रूप से हरदा पहुंचकर जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने प्रदर्शन करेंगी और उच्च अधिकारियों को ज्ञापन सौंपेंगी। महिलाओं ने मांग की कि स्मार्ट मीटरों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, गलत बिलों को तत्काल संशोधित किया जाए तथा उपभोक्ताओं को अनावश्यक आर्थिक बोझ से राहत दिलाई जाए। इधर क्षेत्र में बढ़ते विरोध के बीच अब सभी की निगाहें बिजली विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

0 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!