Skip to content
Sunday, 18 October 2026
हरदा

जून के पहले सप्ताह की बारिश से मूंग फसल पर संकट, कटाई कार्य प्रभावित

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, मसनगांव।  मसनगांव क्षेत्र में जून के पहले सप्ताह में ही प्री-मानसून की सक्रियता के चलते लगातार मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। तीन दिनों के भीतर दूसरी बार हुई बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है। बुधवार रात लगभग 11.30 बजे शुरू हुई बारिश गुरुवार सुबह तक रुक-रुककर जारी रही, जिससे खेतों में चल रही मूंग फसल की कटाई प्रभावित हुई। इस समय क्षेत्र में मूंग की कटाई का कार्य जोरों पर है। कई किसानों ने अपनी फसल काटकर खेतों में सुखाने के लिए रखी है, जबकि कई स्थानों पर हार्वेस्टर मशीनों से कटाई का कार्य चल रहा है। लगातार बारिश से फसल की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि यदि मौसम इसी तरह बना रहा तो कटी हुई फसल खराब होने तथा दानों का रंग प्रभावित होने का खतरा बढ़ जाएगा। नमी बढ़ने से हार्वेस्टर संचालन में भी दिक्कतें आ रही हैं। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन मौसम साफ होते ही उमस बढ़ने से परेशानी बनी हुई है। दिनभर वातावरण में नमी रहने के कारण ग्रामीण असहज महसूस कर रहे हैं और मौसम के बदलाव से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ने लगी हैं। बारिश से पहले चली तेज हवा और आंधी के कारण क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था भी प्रभावित हुई। कई स्थानों पर बिजली लाइनों में फाल्ट आने से रातभर आपूर्ति बाधित रही। ग्रामीणों को गर्मी और उमस के बीच अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी। लोगों का कहना है कि रात्रिकालीन कटौती के साथ-साथ दिन में भी लाइन सुधार के नाम पर घंटों बिजली बंद रखी जा रही है, जिससे घरेलू कार्यों और कृषि गतिविधियों पर असर पड़ रहा है। किसानों और ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से शीघ्र सुधार कार्य कर नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा प्रशासन से मौसम की स्थिति को देखते हुए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply