Skip to content
Sunday, 18 October 2026
हरदा

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

2 min read
Text Size:

-विभिन्न मांगों को लेकर उठाई आवाज

अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संघ (भारतीय मजदूर संघ) जिला हरदा द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की विभिन्न मांगों को पूरा करने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया है कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं वर्षों से महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं को जमीनी स्तर पर क्रियान्वित कर रही हैं। जन्म पंजीयन, पोषण अभियान, लाड़ली बहना योजना, मतदाता पुनरीक्षण, जनगणना, स्वास्थ्य सर्वे सहित अनेक शासकीय कार्यों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें पर्याप्त सुविधाएं और मानदेय नहीं मिल पा रहा है। संघ ने मांग की है कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाए, न्यूनतम 5 हजार रुपये मासिक पेंशन प्रदान की जाए तथा सेवानिवृत्ति की आयु 65 वर्ष की जाए। इसके अलावा मानदेय में असमानता दूर करने, कार्य के दौरान मृत्यु होने पर 5 लाख रुपये की सहायता राशि देने, परिवार के सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करने तथा विभागीय कार्यों के अलावा अन्य कार्यों से मुक्त रखने की मांग भी उठाई गई। ज्ञापन में आंगनवाड़ी केंद्रों पर राशन की नियमित आपूर्ति, पदोन्नति के अवसर तथा बिना उचित कारण सेवा पृथक्करण की कार्रवाई नहीं करने की मांग भी शामिल है। संघ पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है। ज्ञापन भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध आंगनवाड़ी कार्यकर्ता संघ हरदा की ओर से सौंपा गया।
————————-

6 Views
What do you think?

Leave a Reply