Skip to content
Sunday, 18 October 2026
हरदा

नियमितीकरण सहित आठ मांगों को लेकर संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी हड़ताल पर

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत जिले के करीब 232 संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी अपनी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। हड़ताल के दूसरे दिन बुधवार को कर्मचारियों ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। हड़ताल का असर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं पर दिखाई देने लगा है। संविदा कर्मचारी नियमितीकरण, वेतन विसंगति दूर करने, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, एनपीएस, महंगाई भत्ता तथा समान कार्य के लिए समान वेतन जैसी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। प्रदेशभर में एनएचएम के लगभग 32 हजार संविदा कर्मचारियों ने 2 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की है। हड़ताल के चलते जिले में प्रस्तावित टीकाकरण सत्र प्रभावित हुए हैं। बुधवार को नियमित कर्मचारियों के माध्यम से टीकाकरण कार्य कराया गया। वहीं डेटा एंट्री ऑपरेटरों के हड़ताल पर रहने से राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की रिपोर्टिंग भी प्रभावित हो रही है। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, जिला प्रारंभिक हस्तक्षेप केंद्र तथा विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की सेवाओं पर भी असर पड़ा है। जिन स्वास्थ्य संस्थानों में संविदा डॉक्टर पदस्थ हैं, वहां ओपीडी सेवाएं प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के डॉ. संतोष गौर ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं के बावजूद अब तक कर्मचारियों की मांगें पूरी नहीं हुई हैं। संघ की जिलाध्यक्ष सोनू चौहान ने चेतावनी दी है कि मांगों का समाधान नहीं होने पर 8 जून को भोपाल में मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा। सीएमएचओ डॉ. एचपी सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए नियमित कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी गई है। उन्होंने कहा कि आवश्यक सेवाएं जारी रखने के लिए लगातार व्यवस्था की जा रही है।
——————–

4 Views
What do you think?

Leave a Reply