खरीफ सीजन शुरू होते ही बढ़ी डीजल की मांग

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-अधिकांश पेट्रोल पंपों पर ईंधन का संकट
-किसानों को दूसरे क्षेत्रों में जाना पड़ रहा, जुताई-बखरनी के कार्य हो रहे प्रभावित

अनोखा तीर, मसनगांव। क्षेत्र में खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ ही कृषि कार्यों में तेजी आ गई है। खेतों की तैयारी, जुताई और बखरनी का काम शुरू होने से ट्रैक्टरों के लिए डीजल की मांग अचानक बढ़ गई है। वहीं दूसरी ओर क्षेत्र के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर डीजल की कमी होने से किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ईंधन उपलब्ध नहीं होने के कारण खेती-किसानी से जुड़े कई कार्य प्रभावित होने लगे हैं। किसानों का कहना है कि समय पर खेतों की तैयारी नहीं होने से आगामी बुवाई कार्य भी प्रभावित हो सकता है। ग्राम के किसान गणेश चौधरी ने बताया कि पिछले चार दिनों से गांव के तीनों पेट्रोल पंपों पर डीजल उपलब्ध नहीं है। ऐसे में किसानों को दूसरे क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे समय और अतिरिक्त खर्च दोनों बढ़ रहे हैं। खरीफ सीजन में ट्रैक्टरों, डीजल पंपों और अन्य कृषि यंत्रों का उपयोग बढ़ जाता है। वर्तमान में किसान खेतों की जुताई, बखरनी और भूमि समतलीकरण जैसे कार्यों में जुटे हुए हैं। ऐसे समय पर डीजल की कमी कृषि गतिविधियों के लिए बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है। गौरतलब है कि हाल ही में जिला कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक लेकर डीजल और पेट्रोल की नियमित आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद क्षेत्र के कई पेट्रोल पंपों पर डीजल का अभाव बना हुआ है। किसानों का आरोप है कि प्रशासनिक निर्देशों का जमीनी स्तर पर अपेक्षित असर दिखाई नहीं दे रहा है। किसानों का कहना है कि आने वाले दिनों में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ ही बुवाई का कार्य शुरू होगा। उस समय डीजल की मांग और अधिक बढ़ जाएगी। यदि अभी से पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तो खेती-किसानी के कार्यों पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। क्षेत्र के किसानों ने जिला प्रशासन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग तथा पेट्रोल पंप संचालकों से मांग की है कि डीजल की नियमित और पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि खरीफ सीजन के महत्वपूर्ण कृषि कार्य समय पर पूरे हो सकें और किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इस संबंध में जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी अमृता भट्ट से चर्चा कर जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
——————————

0 Views

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!