Skip to content
Sunday, 18 October 2026
हरदा

हरा गांव मेरी पहचान अभियान के तहत युवा संगोष्ठी एवं श्रमदान आयोजित

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। प्रयास सामाजिक समिति कुकरावद द्वारा हरा गांव मेरी पहचान अभियान के तहत 1 जून से 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम रन्हाईकला में प्रयास युवा क्लब के सहयोग से पर्यावरण हमारा भविष्य विषय पर युवा संगोष्ठी, प्रकृति पूजन एवं श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन एवं वृक्षारोपण के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रयास सामाजिक संस्था हरदा के सीईओ नीरज गुर्जर ने कहा कि जल से ही जीवन है और प्रकृति तथा पेड़-पौधों से हमारे जीवन की डोर जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जल का अत्यधिक दोहन किया जा रहा है, लेकिन जल संवर्धन और संरक्षण के प्रयास अपेक्षाकृत कम हो रहे हैं। यदि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण छोड़ना है, तो आज से ही जल बचाने और प्रकृति संरक्षण की दिशा में गंभीर प्रयास करने होंगे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे पर्यावरण के प्रति केवल जागरूक नागरिक ही नहीं, बल्कि समाज में सचेतक और प्रेरक की भूमिका भी निभाएं। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे प्रकृति का अनमोल उपहार हैं, जो मानव जीवन को शुद्ध वायु, छाया और संतुलित पर्यावरण प्रदान करते हैं। इसलिए अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। कार्यक्रम के दौरान प्रकृति पूजन कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता और जनभागीदारी को बढ़ावा दिया गया। उपस्थित युवाओं ने जल संरक्षण, नियमित वृक्षारोपण एवं लगाए गए पौधों की देखभाल करने का संकल्प लिया। इस दौरान पौधारोपण किया गया तथा मटकुल नदी पर श्रमदान भी किया गया। कार्यक्रम में प्रयास युवा क्लब रन्हाईकला के सदस्य मयूर गुर्जर, आयुष पटेल, यदुनंदन रानवें, मोनीत छापरे सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और युवाओं को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनाने का सार्थक प्रयास किया गया।
————

0 Views
What do you think?

Leave a Reply