अनोखा तीर, हंडिया। पुलिस अधीक्षक शशांक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरदा एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) हरदा के मार्गदर्शन में थाना हंडिया पुलिस को हत्या प्रकरण में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी कपिल गुर्जर को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया। पुलिस के अनुसार 28 मई 2026 को ग्राम डुमलाय में जमीनी विवाद एवं पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों द्वारा फरियादिया रानी गुर्जर एवं उसकी मां निशा गुर्जर पर ईंट और डंडों से हमला किया गया था। हमले में रानी गुर्जर घायल हो गई थी, जबकि निशा गुर्जर को गंभीर चोटें आने से उनकी मृत्यु हो गई थी। घटना के संबंध में थाना हंडिया में अपराध क्रमांक 220/2026 धारा 103(1), 109, 296ए, 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया था। मामले में एक आरोपी सुन्दरलाल गुर्जर को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। फरार आरोपी कपिल गुर्जर पिता सुन्दरलाल गुर्जर निवासी ग्राम डुमलाय की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। आरोपी की तलाश इंदौर, उज्जैन सहित अन्य संभावित स्थानों पर की गई। मुखबिर की सूचना पर 30 मई 2026 को आरोपी को नेमावर क्षेत्र से पुलिस अभिरक्षा में लेकर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ एवं आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। प्रकरण में अग्रिम विवेचना एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई जारी है।
———————–

