अनोखा तीर, हरदा। जनगणना-2027 के प्रथम चरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 150 प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का शनिवार शाम को भीमराव अंबेडकर उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सम्मान किया गया। कार्यक्रम में तहसीलदार राजेंद्र पंवार ने सभी कर्मियों को सम्मानित करते हुए उनके कार्य की सराहना की। तहसीलदार राजेंद्र पंवार ने बताया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत 1 मई से 30 मई तक मकान सूचीकरण का कार्य निर्धारित था। इस चुनौतीपूर्ण कार्य को सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों ने निर्धारित समय-सीमा से पूर्व तथा पूर्णत: त्रुटिरहित तरीके से संपन्न किया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और तपती धूप के बावजूद सभी शिक्षक साथियों ने पूरी निष्ठा, लगन और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी द्वितीय चरण का कार्य भी इसी समर्पण और दक्षता के साथ पूरा किया जाएगा। इस बार जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित की जा रही है। डेटा संग्रहण के लिए विशेष मोबाइल एप्लीकेशन का उपयोग किया गया, जिससे कार्य में पारदर्शिता और सटीकता बढ़ी है। सम्मानित प्रगणकों ने नई तकनीक को प्रभावी ढंग से अपनाते हुए उल्लेखनीय कार्य किया। कार्यक्रम में तहसीलदार राजेंद्र पंवार ने कहा कि जनगणना देश की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके आधार पर विभिन्न विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाती है। उन्होंने सभी कर्मियों की मेहनत, समर्पण और कार्यकुशलता की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाते हैं।
————————-

