-दो महत्वपूर्ण लंबी दूरी की ट्रेनें अब नियमित चलेंगी
अनोखा तीर, हरदा। जिले के रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की बढ़ती मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो महत्वपूर्ण लंबी दूरी की स्पेशल ट्रेनों को नियमित नंबर से संचालित करने का निर्णय लिया है। इन दोनों ट्रेनों का हरदा रेलवे स्टेशन पर ठहराव रहेगा, जिससे हरदा एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को देश के उत्तर, दक्षिण और पश्चिम भारत के प्रमुख शहरों तक बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होगा। रेलवे द्वारा हुबली-योग नगरी ऋषिकेश साप्ताहिक एक्सप्रेस तथा काचीगुडा-श्री गंगानगर साप्ताहिक एक्सप्रेस को नियमित नंबर से चलाने का निर्णय लिया गया है। इससे हरदा के यात्रियों को उत्तराखंड, राजस्थान, तेलंगाना, कर्नाटक और मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों तक सीधी रेल सुविधा मिलेगी।
ऋषिकेश और दक्षिण भारत की यात्रा होगी आसान
रेल प्रशासन ने गाड़ी संख्या 07363/07364 के स्थान पर अब 17363/17364 हुबली-योग नगरी ऋषिकेश-हुबली साप्ताहिक एक्सप्रेस को नियमित नंबर से संचालित करने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 17363 प्रत्येक सोमवार को हुबली से प्रस्थान कर अगले दिन रात 9.41 बजे हरदा पहुंचेगी तथा इटारसी, रानी कमलापति और बीना होते हुए योग नगरी ऋषिकेश पहुंचेगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 17364 प्रत्येक गुरुवार को ऋषिकेश से रवाना होकर अगले दिन सुबह 5.05 बजे हरदा पहुंचेगी और आगे हुबली तक जाएगी। इस ट्रेन के नियमित संचालन से हरदा के यात्रियों को ऋषिकेश, हरिद्वार और देहरादून क्षेत्र के साथ-साथ कर्नाटक के प्रमुख शहरों तक सीधी रेल सुविधा का लाभ मिलेगा।
राजस्थान और तेलंगाना के लिए सीधा संपर्क
इसी क्रम में रेलवे ने स्पेशल ट्रेन संख्या 07053/07054 को नियमित करते हुए 17601/17602 काचीगुडा-श्री गंगानगर-काचीगुडा साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 17601, 25 जुलाई 2026 से प्रत्येक शनिवार को काचीगुडा से रवाना होकर हरदा, इटारसी, भोपाल, कोटा एवं सवाई माधोपुर होते हुए श्री गंगानगर पहुंचेगी। वहीं गाड़ी संख्या 17602, 28 जुलाई 2026 से प्रत्येक मंगलवार को श्री गंगानगर से चलकर हरदा होते हुए काचीगुडा पहुंचेगी। इस ट्रेन के माध्यम से हरदा के यात्रियों को जयपुर, बीकानेर, श्री गंगानगर, कोटा, उज्जैन, नांदेड़, निजामाबाद और हैदराबाद क्षेत्र तक सीधा रेल संपर्क मिलेगा।
हरदा स्टेशन की बढ़ेगी उपयोगिता
रेलवे विशेषज्ञों का मानना है कि दोनों ट्रेनों के नियमित संचालन से हरदा रेलवे स्टेशन का महत्व और बढ़ेगा। यात्रियों को अब धार्मिक, पर्यटन, व्यापारिक एवं पारिवारिक यात्राओं के लिए अधिक विकल्प उपलब्ध होंगे। विशेष रूप से उत्तराखंड के ऋषिकेश-हरिद्वार क्षेत्र, राजस्थान के प्रमुख शहरों तथा दक्षिण भारत के कर्नाटक और तेलंगाना राज्यों तक यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। यात्रियों ने रेलवे के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे हरदा जिले के लिए महत्वपूर्ण रेल सुविधा बताया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन की समय-सारणी एवं आरक्षण संबंधी जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट और एनटीईएस ऐप के माध्यम से प्राप्त करें।
—————————-

