अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिले के हंडिया थाना क्षेत्र के ग्राम डुमलाय में गुरुवार सुबह एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 40 वर्षीय नीता पति जगदीश जादम के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। हंडिया पुलिस के एसआई जितेंद्र वैष्णव ने बताया कि डुमलाय निवासी सुंदरलाल गुर्जर और उनके बेटे कपिल गुर्जर ने गुरुवार सुबह करीब आठ बजे अपनी विधवा भाभी नीता और उनकी बेटी रानी पर कबेलू हटाने को लेकर विवाद किया। इस दौरान बाप-बेटे ने लाठियों और पत्थर से हमला कर दिया। हमले में नीता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी रानी गंभीर रूप से घायल हो गईं। रानी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लंबे समय से चल रहा जमीन विवाद
एसडीओपी शालिनी परस्ते ने जानकारी दी कि मृतका और आरोपी पक्ष के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस ने हत्या के आरोपी देवर सुंदरलाल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके बेटे कपिल की तलाश जारी है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है। जिला अस्पताल में भर्ती मृतका की बेटी रानी ने बताया कि वह कॉमर्स संकाय की बारहवीं कक्षा की छात्रा है। दो साल पहले पिता की मौत के बाद से पड़ोसी चाचा और उनके परिवार के लोग उन्हें अकेला देखकर अक्सर विवाद करते थे। रानी ने बताया कि उनके परिवार में केवल मां और वह ही थीं। मां का अंतिम संस्कार नाना-नानी के आने के बाद ही होगा, जो खंडवा जिले के ग्राम मूंदी में रहते हैं।
—————————-

