-ईंट भ_ों की खुदाई से बढ़ी गहराई बनी हादसे की वजह
अनोखा तीर, हरदा। जिले के ग्राम छोटी हरदा में मंगलवार दोपहर सुकनी नदी में नहाने के दौरान नौ वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल के जवानों ने करीब एक घंटे की तलाश के बाद बालक का शव गहरे पानी से बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कन्हैया (9 वर्ष) पिता आनंदलाल कोगे के रूप में हुई। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। कन्हैया अपने तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। वह पिछले एक साल से अपनी मां के साथ अपने नाना शिवप्रसाद सकपाल के घर पिड़गांव में रह रहा था। उसने हाल ही में छठवीं कक्षा पास की थी और सातवीं में प्रवेश लिया था। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे कन्हैया घर से निकला था और कुछ देर बाद सुकनी नदी में नहाने चला गया। नहाते समय वह नदी के गहरे पानी में डूब गया। ग्रामीणों ने बताया कि सुकनी नदी के पास ईंट भट्टों की खुदाई के कारण नदी में कुछ स्थानों पर गहराई काफी बढ़ गई है, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
——————

