-कलेक्टर ने कुपोषित बच्चों को प्रदान किए पोषण किट
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने बुधवार को पोषण प्रहरी अभियान के तहत हरदा के वार्ड 25 के आंगनवाड़ी केंद्र 50 एवं वार्ड 26 के आंगनवाड़ी केंद्र 53 में पहुंचकर कुपोषित बच्चों को पोषण किट प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र पर संचालित गतिविधियों एवं पोषण ट्रेकर पर दर्ज जानकारी का निरीक्षण भी किया। कलेक्टर ने गहाल के माचक नहर डिस्ट्रीब्यूटरी पर पहुंचकर सिंचाई जल वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को मूंग सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाए। साथ ही जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को नहरों के प्रमुख स्थानों पर सौर ऊर्जा संचालित सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने सुल्तानपुर वेयरहाउस पहुंचकर यहां 9 सहकारी समितियों द्वारा किए जा रहे गेहूं उपार्जन की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने मुहाल स्थित समृद्धि वेयरहाउस में भी गेहूं उपार्जन, तुलाई, हम्माल एवं भंडारण व्यवस्था देखी। उपार्जन केंद्रों पर पहुंचे किसानों को उर्वरक का अग्रिम उठाव करने की सलाह भी दी। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम रैसलपुर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम में शौचालयों की मरम्मत कराने की मांग पर पंचायत सचिव को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। ग्राम मांदला में आंगनवाड़ी एवं आयुर्वेद औषधालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। सक्तापुर में पोषण वाटिका के निरीक्षण के दौरान लगाए गए पौधों में पानी देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को दिए। ग्राम सक्तापुर में शिव महिमा गौशाला का निरीक्षण कर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश तहसीलदार को दिए गए। साथ ही अतिक्रमण मुक्त भूमि पर पौधरोपण कराने एवं गौशाला में गोबर गैस प्लांट स्थापित करने के लिए कहा। ग्राम मुहाल में आचार्य विद्यासागर गौसंवर्धन योजना अंतर्गत हितग्राही रघुवीर सिंह द्वारा संचालित डेयरी का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान एसडीएम हरदा अशोक डेहरिया, एसडीएम खिरकिया शिवांगी बघेल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
——————————

