अनोखा तीर, हरदा। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कृष्ट अभियान एवं प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान के तहत जिले में 18 से 25 मई तक लाभार्थी संतुष्टि शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। बुधवार को ग्राम रैसलपुर में आयोजित शिविर में मोबाइल एक्स-रे मशीन के माध्यम से ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में लगभग 50 वर्षीय मिश्रीबाई अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराने पहुंचीं। चिकित्सकों ने उनके बाएं हाथ में विकृति देखकर एक्स-रे कराया, जिसमें 15 वर्ष पुराना फ्रैक्चर पाया गया। पूछताछ में महिला ने बताया कि वर्षों पूर्व गिरने से हाथ टूट गया था, लेकिन उपचार नहीं कराया गया। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने मौके पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को महिला का तत्काल उपचार कराने के निर्देश दिए। सीएमएचओ डॉ. एच.पी. सिंह ने बताया कि आयुष्मान कार्डधारी महिला का जिला अस्पताल में नि:शुल्क ऑपरेशन किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर भोपाल में भी उपचार कराया जाएगा।
————————-

