समाज के नाम पर राजनीति कर माहौल खराब करने का कर रहे प्रयास : राजेश कलम

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। आदिवासी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राजेश कलम ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि कुछ लोग समाज के नाम पर गंदी राजनीति कर हरदा जिले का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल पवारे द्वारा हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने पर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार एवं भ्रामक हैं। राजेश कलम ने कहा कि विधायक डॉ. दोगने हमेशा अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहे हैं। टिमरनी पुलिस की प्रताड़ना से तंग आकर 2 मई 2026 को रामदास काजले ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इसके चलते 3 मई 2026 को पीड़ित परिवार एवं समाजजनों के आग्रह पर विधायक डॉ. दोगने जिला चिकित्सालय पहुंचे और न्याय की मांग को लेकर तपती दोपहरी में घंटों धरने पर बैठे रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी दौरान राहुल पवारे द्वारा जिला चिकित्सालय में अनर्गल बातें करते हुए विवाद की स्थिति निर्मित की गई, जबकि विधायक डॉ. दोगने द्वारा पूरी शालीनता एवं संयमित भाषा का प्रयोग किया गया। राजेश कलम ने कहा कि जब पीड़ित परिवार एवं समाजजनों ने राहुल पवारे का समर्थन नहीं किया तो उन्होंने भाजपा समर्थित लोगों के साथ मिलकर विधायक डॉ. दोगने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन किया, जिसकी वे कड़ी निंदा करते हैं। राजेश कलम ने समाजजनों से अपील की कि वे ऐसे लोगों के बहकावे में न आएं, जो समाज के नाम पर अपनी राजनीति चमकाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधायक डॉ. दोगने ने अपने पिछले कार्यकाल में हंडिया स्थित कतिया समाज धर्मशाला के विकास कार्यों हेतु 2 लाख रुपये की राशि प्रदान की थी, जो समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने आगे कहा कि यदि राहुल पवारे द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के कृत्य कर समाज को गुमराह करने एवं समाज में भ्रम फैलाने का प्रयास किया गया, तो संपूर्ण आदिवासी समाज उनका विरोध करेगा। साथ ही आदिवासी समाज का एक प्रतिनिधि मंडल जल्द ही पुलिस अधीक्षक एवं कलेक्टर से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराएगा तथा समाज को गुमराह करने वाले ऐसे फर्जी नेताओं पर सख्त कार्रवाई की मांग करेगा। अंत में उन्होंने कहा कि विधायक डॉ. दोगने हमेशा सर्वसमाज का सम्मान करते आए हैं और आगे भी समाजहित में कार्य करते रहेंगे।
—————————–

2 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!