शासकीय कार्यों में लापरवाही पर ग्राम पंचायत जिनवानिया सचिव निलंबित

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा/खिरकिया। जनपद पंचायत खिरकिया की ग्राम पंचायत जिनवानिया के सचिव जगदीश साकले को शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने के कारण निलंबित किया गया है। जानकारी के अनुसार, सचिव जगदीश साकले द्वारा ग्राम पंचायत में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहने के कारण पंचायत के निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे थे। वहीं हितग्राही मूलक योजनाओं में पात्र हितग्राहियों को लाभ मिलने में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी। इसके अलावा मनरेगा योजनांतर्गत जॉब कार्डधारियों की ई-केवाईसी, श्रमिक पोर्टल पर श्रमिकों के आवेदनों का सत्यापन तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य के अनुसार आवास पूर्ण नहीं कराए जाने सहित शासकीय कार्यों में रुचि नहीं लेने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन मामलों को लेकर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत हरदा द्वारा सचिव को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया था, लेकिन उनके द्वारा जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत खिरकिया के प्रस्ताव के आधार पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हरदा अंजली जोसेफ द्वारा कार्यालय जिला पंचायत हरदा के आदेश के तहत कार्रवाई की गई। आदेशानुसार मध्यप्रदेश पंचायत सेवा (आचरण) नियम 1998 के तहत पदीय दायित्वों का निर्वहन नहीं किए जाने एवं लापरवाही बरतने के कारण मध्यप्रदेश पंचायत सेवा नियम 1999 के नियम 4 के अंतर्गत सचिव जगदीश साकले को निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय जनपद पंचायत खिरकिया निर्धारित किया गया है। उन्हें शासन नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।
———————-

0 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!