-कई घरों तक नहीं पहुंच रहा पेयजल
अनोखा तीर, मसनगांव। भीषण गर्मी के बीच ग्राम में पेयजल व्यवस्था बदहाल होती नजर आ रही है। नर्मदापुरम-खंडवा स्टेट हाईवे किनारे पेयजल पाइपलाइन फूट जाने से प्रतिदिन सैकड़ों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण सप्लाई का प्रेशर कम हो गया है, जिससे गांव के कई घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है, वहीं सड़क किनारे कीचड़ फैलने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। जानकारी के अनुसार ग्राम में सिराली मार्ग तिराहे पर बनी पानी की टंकी में हनुमान मंदिर के पास स्थापित मोटर के माध्यम से पानी पहुंचाया जाता है। इसके बाद टंकी से नलों द्वारा गांव के आधे हिस्से में पेयजल सप्लाई की जाती है। लेकिन मुख्य पाइपलाइन कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी है। संदीप मुकाती के मकान के सामने बड़े स्तर पर पाइपलाइन फूटने से लगातार पानी बह रहा है, जिससे सड़क किनारे दलदल जैसी स्थिति बन गई है। ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन में लीकेज के कारण पानी का दबाव कम हो गया है और ऊंचाई वाले तथा दूर स्थित मोहल्लों में पानी नहीं पहुंच रहा। गर्मी के दिनों में पहले ही पानी की मांग बढ़ी हुई है, ऐसे में पाइपलाइन से पानी बहने के कारण गांव में जल संकट और गहरा गया है। कई परिवार हैंडपंपों से पानी भरने को मजबूर हैं। गांव के लोगों ने बताया कि पाइपलाइन फूटने की शिकायत कई बार पंचायत स्तर पर की जा चुकी है, लेकिन अब तक सुधार कार्य नहीं कराया गया। लगातार बहते पानी से सड़क किनारे कीचड़ फैल गया है। हाईवे से गुजरने वाले वाहनों की वजह से कीचड़ उछलकर राहगीरों और ग्रामीणों के कपड़ों पर पड़ रहा है, जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने शीघ्र पाइपलाइन सुधार की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में जल संकट और गहरा सकता है।
इनका कहना है
पंचायत सचिव से जानकारी लेकर पाइपलाइन को जल्द दुरुस्त कराया जाएगा, ताकि पेयजल सप्लाई सुचारु हो सके।
-संगीता धापकरी, एसडीओ, पीएचई विभाग
———–



