अनोखा तीर, हरदा। विगत लंबे समय से भारत के आठ करोड़ व्यापारियों की सर्वोच्च संस्था कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) मध्यप्रदेश द्वारा व्यापारियों के हित में राज्य में व्यापारी कल्याण बोर्ड के गठन की मांग विभिन्न मंचों पर लगातार उठाई जा रही थी। विगत दिनों मुख्यमंत्री द्वारा कैबिनेट बैठक में व्यापारी कल्याण बोर्ड गठन की घोषणा किए जाने से व्यापारियों में खुशी का माहौल है। अब व्यापारियों की समस्याओं का निराकरण इस बोर्ड के माध्यम से त्वरित रूप से हो सकेगा। कैट के जिलाध्यक्ष सरगम जैन ने कहा कि व्यापारी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि इस माह जीएसटी कलेक्शन में लगभग 10 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 2.40 लाख करोड़ रुपए का संग्रह हुआ है, जिसका श्रेय व्यापारियों को जाता है। प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प के साथ पूरा व्यापारी वर्ग कंधे से कंधा मिलाकर चलने के लिए तैयार है। जिला महामंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि व्यापारी कल्याण बोर्ड के गठन से जिला एवं प्रदेश स्तर पर व्यापारियों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित होगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकल फॉर वोकल से वोकल फॉर ग्लोबल के विचार को साकार करने के उद्देश्य से कैट द्वारा 12 से 15 अगस्त 26 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में भारतीय व्यापार महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें अधिक से अधिक व्यापारियों से भाग लेने का आह्वान किया गया है। कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद प्रवीण खंडेलवाल तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया इस आयोजन की सफलता के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियों में जुटे हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसे सफल बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। व्यापारी कल्याण बोर्ड गठन की घोषणा पर कैट टीम हरदा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं मंत्रिमंडल का आभार व्यक्त किया।
————————-

