-कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के मार्गदर्शन में गेहूं उपार्जन केंद्रों की सतत निगरानी जारी
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के मार्गदर्शन में जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन का कार्य सुचारू रूप से जारी है। उपार्जन केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गेहूं उपार्जन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व एवं खाद्य विभाग के अधिकारी लगातार उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। केंद्रों पर तौल, बारदाना, पेयजल, छाया सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। गुरुवार को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व हरदा अशोक डेहरिया ने सुल्तानपुर वेयरहाउस में सेवा सहकारी समिति मसनगांव, सोमगांव एवं गहाल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हम्माल और मजदूरों की संख्या कम होने पर तत्काल मजदूर बढ़ाने के लिए सोसाइटी प्रबंधक को निर्देशित किया। साथ ही किसानों को किसी प्रकार की समस्या न हो, इस संबंध में आवश्यक हिदायतें दीं। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व टिमरनी संजीव कुमार नागू ने टिमरनी विकासखंड के प्रगति, समृद्धि, आर.सी. एवं कुसुमलता वेयरहाउस स्थित गेहूं खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। मौके पर समिति प्रबंधकों को गेहूं उपार्जन में और अधिक गति लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही कृषकों के लिए छाया एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। इसी प्रकार तहसीलदार श्रीमती लवीना घाघरे एवं नायब तहसीलदार श्रीमती प्रिंसी जैन ने सक्तापुर वेयरहाउस में मांदला सोसाइटी एवं ख़मलाय सोसाइटी द्वारा किए जा रहे उपार्जन कार्य का निरीक्षण किया। कलेक्टर द्वारा अधिकारियों को प्रतिदिन निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।
——————————

