अनोखा तीर, हरदा। मिशन हैप्पी हरदा के तहत युवाओं में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डॉ. सी. वी. रमन विश्वविद्यालय, खंडवा द्वारा भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के राष्ट्रीय ए.आई. साक्षरता कार्यक्रम के अनुरूप आईसेक्ट के युवा ए.आई. फॉर ऑल अभियान के अंतर्गत ‘कौशल रथÓ शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज, हरदा पहुँचा। यह कौशल रथ एक आधुनिक मोबाइल डिजिटल लैब के रूप में तैयार किया गया है, जिसमें कंप्यूटर, हाई-स्पीड इंटरनेट, स्मार्ट लर्निंग टूल्स तथा ए.आई. आधारित शिक्षण सुविधाएँ उपलब्ध हैं। यह पहल विद्यार्थियों को पारंपरिक कक्षा से हटकर एक नवाचारपूर्ण एवं व्यावहारिक शिक्षण अनुभव प्रदान करती है। कार्यक्रम का शुभारंभ शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज की प्राचार्य डॉ.अभिरुचि सिंह एवं रमन क्षेत्रीय संसाधन केंद्र के क्षेत्रीय समन्वयक उमेश शर्मा एवं अन्य शिक्षक व विद्यार्थियो द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को ए.आई. आधारित तकनीकी प्रशिक्षण जैसे डेटा एनालिसिस, ऑटोमेशन और स्मार्ट लर्निंग के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि यह तकनीक निश्चित रूप से हरदा के छात्रों के कौशल विकास एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। इस कार्यक्रम में शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज, शासकीय विवेकानंद कॉलेज तथा मॉडल पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल के लगभग 240 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कौशल रथ के भीतर अत्याधुनिक डिजिटल उपकरणों, बेहतर इंटरनेट सुविधा और सुव्यवस्थित बैठने की व्यवस्था ने विद्यार्थियों को एक अलग और प्रेरणादायक अनुभव प्रदान किया।
————————–

