पत्नी से विवाद के बाद पिया जहर, इलाज के दौरान मौत
अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिले के हंडिया थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़ा में सोमवार को एक 24 वर्षीय युवक ने जहरीली दवा का सेवन कर आत्महत्या कर ली। मृतक का नाम योगेश पिता राजेश बताया गया है। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, योगेश मजदूरी करता था। सोमवार सुबह जब वह खेत पर काम करने नहीं गया, तो उसकी पत्नी ने उसे काम पर जाने को कहा। इस बात को लेकर वह नाराज हो गया और उसने सल्फॉस का सेवन कर लिया। काफी देर तक जब योगेश वापस नहीं आया, तो उसकी पत्नी उसे देखने खेत पर पहुंची। वहां वह बेसुध पड़ा मिला। परिजनों को सूचना देने के बाद उसे तत्काल हंडिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दोपहर करीब ढाई बजे योगेश की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतक की एक मासूम बेटी है।

