बैशाख पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का सैलाब, भंडारे और तुलादान की रही धूम

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, मसनगांव। बैशाख पूर्णिमा के पावन पर्व पर ग्राम सहित आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक आयोजनों की विशेष छटा देखने को मिली। बुद्ध पूर्णिमा के रूप में मनाए गए इस पर्व पर सुबह से ही गांव के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह तड़के से ही श्रद्धालु स्नान-ध्यान कर बाबाओं की ठान, खेड़ापति हनुमान मंदिर एवं भैरव बाबा स्थल पर पहुंचे। यहां लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपनी मनोकामनाएं मांगीं। कई श्रद्धालुओं ने परंपरागत रूप से अपने बच्चों का तुलादान कराया, जिसमें बच्चों को अनाज, फल या अन्य सामग्री के बराबर तौलकर दान किया गया। खेड़ापति हनुमान मंदिर में विशाल कढ़ाई (भंडारा) का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने मिलकर प्रसाद वितरण की व्यवस्था संभाली और पूरे दिन श्रद्धालुओं को प्रसाद ग्रहण कराया गया। भैरव बाबा के स्थान पर भी सुबह से ही धार्मिक कथा और भजन-कीर्तन का आयोजन चलता रहा। विभिन्न समाजों के लोगों ने आपसी सहयोग से यहां सामूहिक भंडारे का आयोजन किया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। गांव के अन्य देवस्थानों पर भी श्रद्धालुओं ने कढ़ाई चढ़ाकर प्रसाद का भोग लगाया और पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर कई श्रद्धालु नर्मदा नदी के नेमावर घाट पहुंचे, जहां उन्होंने पवित्र स्नान कर पूजा-पाठ एवं दान-पुण्य किया। मान्यता है कि इस दिन नर्मदा स्नान और दान करने से विशेष पुण्य फल की प्राप्ति होती है। पूरे दिन गांव में धार्मिक और आध्यात्मिक माहौल बना रहा। जगह-जगह भंडारे, पूजा-पाठ और भजन-कीर्तन के कार्यक्रमों से वातावरण भक्तिमय हो गया। ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया।
—————————-

0 Views

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!