संदिग्ध अवस्था में व्यक्ति की मौत

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-परिजनों ने राजस्व विभाग व ग्राम पंचायत पर लगाए आरोप

अनोखा तीर, रहटगांव। तहसील क्षेत्र के ग्राम फुलड़ी में गुरुवार-शुक्रवार दरमियानी रात नर्मदा प्रसाद तंबर पिता सीताराम 50 वर्ष की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल हरदा ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद परिजन शव को वापस ग्राम फुलडी ले आए। शुक्रवार सुबह गांव में सामाजिक लोग एकत्रित हो गए। सूचना मिलने पर टिमरनी एसडीएम संजीव कुमार नागू और रहटगांव थाना प्रभारी मनोज दुबे मौके पर पहुंचे और परिजनों से चर्चा की। इस दौरान तंबर समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि गांव में प्रभावशाली लोगों द्वारा शासकीय जमीन पर कब्जा किया गया है, लेकिन उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि दिन में अतिक्रमण का नोटिस दिया गया और रात में ग्राम पंचायत द्वारा जेसीबी के माध्यम से खेत में लगी फसल नष्ट कर दी गई। साथ ही जाम का बगीचा भी उजाड़ दिया गया, जिसमें 400 से अधिक पेड़ लगे हुए थे। परिजनों के अनुसार उक्त जमीन पर उनका करीब 40-50 वर्षों से कब्जा था। मृतक के परिवार में चार बेटियां और दो बेटे हैं, जिनमें एक बेटी की शादी होना है। परिजनों ने परिवार के भरण-पोषण के लिए शासन से जमीन उपलब्ध कराने की मांग की है और मामले में वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर जांच कराने की बात कही है। वहीं रहटगांव तहसीलदार देवशंकर धुर्वे ने बताया कि अतिक्रमण संबंधी कार्रवाई लंबे समय से चल रही थी। 21 अप्रैल को पंचायत को सूचना पत्र जारी किए गए थे और 23 अप्रैल को आरआई व पटवारी द्वारा भी नोटिस दिया गया था। राजस्व विभाग द्वारा नियमानुसार सीमांकन कर जमीन ग्राम पंचायत को सौंप दी गई थी। एसडीएम संजीव कुमार नागू ने बताया कि मामले की विधिवत जांच कराई जाएगी और हर संभव मदद दी जाएगी। थाना प्रभारी मनोज दुबे के अनुसार शव को टिमरनी भेजकर पोस्टमार्टम कराया गया है और मर्ग कायम कर जांच में लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
——————————

0 Views

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!