-कलेक्टर के निर्देश पर शुरू हुई सख्त निगरानी
अनोखा तीर, हरदा। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के हाट बाजारों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि हाट बाजारों में प्लास्टिक का कचरा फैलाने वाले दुकानदारों पर जुर्माना लगाया जाएगा। इस पहल के तहत हाट बाजारों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए सौर ऊर्जा से चलित सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। इसी कड़ी में ग्राम करताना के हाट बाजार में सौर ऊर्जा चलित सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। कलेक्टर श्री जैन ने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण ग्रामीण पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है। हाट बाजारों में सफाई व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी दुकानदारों की भी है। जो दुकानदार कचरा फैलाते पाए जाएंगे, उन पर तत्काल चालानी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को बढ़ावा मिलेगा और हाट बाजारों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के अभियान को गति मिलेगी।

