आदि गुरु शंकराचार्य जयंती पर जिला स्तरीय व्याख्यानमाला आयोजित

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-युवाओं को प्रेरणा लेने का संदेश
अनोखा तीर, हरदा। आदि गुरु शंकराचार्य जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा जिला स्तरीय व्याख्यानमाला का आयोजन पीएम श्री स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय में किया गया। कार्यक्रम में शंकराचार्य के जीवन, दर्शन और समाज जागरण में उनके योगदान पर विस्तृत चर्चा हुई। वक्ताओं ने युवाओं को भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़ने और उनके विचारों को अपनाने का आह्वान किया। जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गहलोत ने कहा कि शंकराचार्य का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे वैचारिक कार्यक्रम स्कूल और कॉलेज स्तर पर नियमित रूप से होने चाहिए, ताकि नई पीढ़ी अपने सांस्कृतिक मूल्यों को समझ सके। सुभाष शुक्ला ने कहा कि शंकराचार्य ने भारतीय आध्यात्मिक चेतना को नई दिशा दी और समाज को पुन: सनातन परंपरा से जोड़ा। उन्होंने चार धाम की स्थापना कर देश की सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ किया। सच्चिसुख दास महाराज ने कहा कि शंकराचार्य ने अल्प आयु में पूरे देश का भ्रमण कर धर्म और ज्ञान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया। मात्र 32 वर्ष की आयु में उन्होंने जनजागरण का महत्वपूर्ण कार्य किया।  हरिहर आश्रम, भामोरी के राजेशदास महाराज ने कहा कि आज समाज को पुन: जागरूक होने की आवश्यकता है। उन्होंने वेदों की ओर लौटने, नर्मदा सेवा और स्वच्छता पर जोर देते हुए कहा, हम सुधरेंगे तो युग सुधरेगा, हम बदलेंगे तो युग बदलेगा। संभाग समन्वयक कौशलेश तिवारी ने कहा कि जब एक छोटा बालक भी अपनी संस्कृति के महत्व को समझ सकता है, तो हम सभी को मिलकर इसे आगे बढ़ाने के लिए प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक समन्वयक जन अभियान परिषद अनुपम भारद्वाज ने आभार व्यक्त किया। संचालन मुकेश शांडिल्य ने किया। कार्यक्रम में जिला समन्वयक संदीप गौहर, ब्लॉक समन्वयक राकेश वर्मा, विनीता शाह, मेंटर, नवांकुर संस्थाओं, प्रस्फुटन समिति के सदस्य, सीएमसीएलडीपी एवं कॉलेज के छात्र उपस्थित रहे।

0 Views

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!