स्व-गणना प्रक्रिया में ओबीसी के लिए पृथक विकल्प की मांग

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने भारत के प्रधानमंत्री, आयुक्त, रजिस्ट्रार जनरल एवं जनगणना, गृह मंत्रालय, भारत सरकार, म.प्र. के मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, आयुक्त नर्मदापुरम संभाग एवं हरदा कलेक्टर को पत्र प्रेषित कर स्व-गणना प्रक्रिया में ओबीसी वर्ग के लिए पृथक विकल्प उपलब्ध कराने की मांग की है। प्रेषित पत्र में उल्लेख किया गया है कि वर्तमान में केंद्र सरकार द्वारा संचालित स्व-गणना प्रक्रिया का उद्देश्य सटीक एवं पारदर्शी जनसंख्या आंकड़ों का संकलन करना है, लेकिन इस प्रक्रिया में उपयोग किए जा रहे सॉफ्टवेयर/पोर्टल में सामाजिक वर्ग के रूप में केवल अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति एवं अन्य का ही विकल्प उपलब्ध है। इसमें अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए अलग विकल्प नहीं होने से इस वर्ग की सटीक गणना संभव नहीं हो पा रही है। पत्र में कहा गया है कि ओबीसी वर्ग देश की जनसंख्या का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए इसकी पृथक गणना का अभाव सामाजिक न्याय की अवधारणा एवं शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को प्रभावित कर सकता है। विधायक डॉ. दोगने ने संबंधित विभाग को निर्देशित कर स्व-गणना सॉफ्टवेयर/पोर्टल में ओबीसी वर्ग के लिए पृथक विकल्प शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि इस वर्ग की सही गणना सुनिश्चित हो सके और भविष्य की नीतियों एवं योजनाओं का लाभ उचित रूप से मिल सके।

0 Views

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!