-सुसाइड नोट में व्यापारी पर लगाए प्रताड़ना के आरोप
अनोखा तीर, खातेगांव। एक 48 वर्षीय युवक ने सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक युवक सुनील पवार विश्नोई मूलत: हरदा जिले के बमनगांव का रहने वाला था। वह पिछले कई वर्षों से खातेगांव क्षेत्र में निवासरत था। मृतक ने मरने से पहले सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें उसने कन्नौद के एक व्यापारी पर प्रताड़ना के आरोप लगाए। मृतक सुनील कई सालों पहले व्यापारी के यहां नौकरी करता था और उसके बाद साथ में मंडी में अनाज खरीदारी करने का काम भी करता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक ने बुधवार सुबह सल्फास खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर सुनील को खातेगांव के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत से पहले पुलिस को दिए बयान में सुनील ने कन्नौद के व्यापारी पर रुपए वापस नहीं करने और प्रताड़ित करने के आरोप लगाए। सुनील ने सुसाइड नोट में लिखा कि व्यापारी मुकेश से करीब 5 लाख 62 हजार रुपए लेने थे, जो कई बार मांगने पर भी मुकेश द्वारा नहीं दिए जा रहे थे। उल्टा मुकेश द्वारा उसे प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसके कारण उसे काफी मानसिक प्रताड़ना सहनी पड़ रही थी। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस से व्यापारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं पुलिस ने उक्त मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। खातेगांव थाना प्रभारी विजय सिंह लोधी ने बताया कि जांच शुरू की जा चुकी है और सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Views Today: 32
Total Views: 32

