-श्रद्धाभाव से मना हनुमान जन्मोत्सव, मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़
अनोखा तीर, हरदा। हनुमान जन्मोत्सव हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। शहर के सभी प्रमुख हनुमान मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालुओं ने रामभक्त हनुमान के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। सिद्धवीर हनुमान मंदिर के पंडित श्री व्यास ने बताया कि हनुमान जी का जन्म चैत्र मास के शुक्ल पक्ष में मेष लग्न में सुबह 6 बजे हुआ था। इस अवसर पर मंदिर में देर रात से 11 विद्वान पंडितों के मार्गदर्शन में विशेष पूजन-अर्चन किया गया। मंदिर समिति के सदस्यों ने हवन कुंड में वेद मंत्रों के साथ आहुतियां देकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की। मंदिरों में सुबह से ही हनुमान चालीसा, सुंदरकांड, बजरंग बाण और हनुमाष्टक का पाठ जारी रहा। श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर गुलजार भवन में भी सुबह से हवन-पूजन और महाआरती का आयोजन किया गया।
मंदिर को फूलों से सजाया
शहर के खेड़ापति हनुमान मंदिर, अड्डे वाले हनुमान मंदिर, कचहरी वाले हनुमान मंदिर और दास हनुमान मंदिर गोलापुरा को फूलों से सजाया गया है। सभी मंदिरों में दोपहर 12 बजे से भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। श्रीराम मंदिर गोलापुरा में दोपहर की आरती के बाद शाम 7 बजे महाआरती हुई, जिसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। मंदिर समितियों ने एक दिन पहले ही सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली थीं। मंदिर समिति से जुड़े पंडित विनोद मिश्रा ने बताया कि गुरुवार सुबह हनुमान जन्मोत्सव मनाया गया। पंडित मुरलीधर व्यास ने हनुमान जी के जीवन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन महान आचार, विचार और संस्कारों से भरा है। वे श्रीराम के परम भक्त और आज्ञाकारी थे, जिन्होंने लोगों को बड़ों की आज्ञा का पालन करने का संदेश दिया, ताकि हनुमान जी की कृपा दृष्टि और आशीर्वाद सदैव बना रहे।

Views Today: 22
Total Views: 22

