-7 दिन में कार्रवाई की मांग
अनोखा तीर, हरदा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हरदा इकाई ने जिले के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में चल रही विभिन्न अनियमितताओं को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में परिषद ने स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था, फीस, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कई मुद्दे उठाए हैं। परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत अप्रैल माह से हो रही है, लेकिन कई निजी विद्यालय निर्धारित समय पर सत्र प्रारंभ नहीं कर रहे हैं। साथ ही सभी विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग की गई है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि विद्यालयों द्वारा मनमानी फीस वृद्धि पर रोक लगाई जाए तथा पिछले वर्षों की तुलना में फीस वृद्धि की जांच की जाए। इसके अलावा स्कूल बसों की फिटनेस, सीसीटीवी कैमरे और ड्राइवरों के वैध लाइसेंस की अनिवार्यता सुनिश्चित करने की बात कही गई है। एबीवीपी ने विद्यालयों में सेनेटरी पैड मशीन लगाने, अभिभावकों पर किसी विशेष दुकान से पुस्तकें व ड्रेस खरीदने का दबाव न बनाने और पिछले सत्र में बदली गई ड्रेस को इस सत्र में अनिवार्य न करने की भी मांग रखी है। इसके साथ ही रजिस्ट्रेशन शुल्क के नाम पर अतिरिक्त वसूली रोकने, खेल मैदान और सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
Views Today: 10
Total Views: 10

