-उत्कृष्ट परेड करने वाले पुलिसकर्मी हुए सम्मानित
अनोखा तीर, हरदा। पुलिस उप महानिरीक्षक डीआईजी नर्मदापुरम रेंज, प्रशांत खरे द्वारा जिला हरदा का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण की शुरुआत प्रात: रक्षित केंद्र, हरदा से की गई, जहां डीआईजी द्वारा परेड की सलामी ली गई तथा जवानों की टर्नआउट, अनुशासन एवं दक्षता का सूक्ष्म अवलोकन किया गया। इस दौरान उत्कृष्ट टर्नआउट एवं बेहतर परेड प्रदर्शन करने वाले अधिकारी/कर्मचारियों को प्रोत्साहन स्वरूप सम्मानित किया गया। इसके पश्चात रक्षित केंद्र कार्यालय का निरीक्षण करते हुए विभिन्न रजिस्टरों एवं अभिलेखों की गहन जांच की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एम.टी. शाखा का निरीक्षण करते हुए उपलब्ध शासकीय वाहनों की स्थिति, रख-रखाव एवं उपयोगिता की जानकारी ली गई तथा संबंधित अधिकारियों को वाहन संधारण बेहतर रखने हेतु निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान रक्षित केंद्र, हरदा में डीआईजी द्वारा दरबार का आयोजन भी किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने भाग लिया। दरबार में पुलिसकर्मियों द्वारा अपनी समस्याएं एवं सुझाव प्रस्तुत किए गए, जिनका डीआईजी द्वारा गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेते हुए मौके पर ही निराकरण किया गया तथा शेष समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक शशांक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा एवं अन्य राजपत्रित अधिकारी भी उपस्थित रहे। इसके उपरांत डीआईजी द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय, हरदा एवं एसडीओपी कार्यालय का निरीक्षण किया गया, जहां कार्यालयीन व्यवस्थाओं, रिकॉर्ड संधारण एवं कार्यप्रणाली का अवलोकन कर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। अंत में थाना सिविल लाइन, हरदा का वार्षिक निरीक्षण किया गया, जिसमें थाना परिसर, अभिलेखों, मालखाना, हवालात एवं अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण कर थाना प्रभारी रामसुमेर तिवारी को आवश्यक सुधार हेतु दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं जनता के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया तथा कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।

Views Today: 14
Total Views: 14

