– जन्मोत्सव पर शहर में निकलेगी शोभायात्रा
अनोखा तीर, हरदा। भगवान हनुमान के जन्मोत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्ति, उत्साह और श्रद्धा का माहौल बन गया है। शहर के मंदिरों में तैयारियां तेज हो गई हैं और धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला प्रारंभ हो चुकी है। विशेष रूप से खेड़ीपुरा स्थित प्राचीन खेड़ापति हनुमान मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है, जहां जन्मोत्सव समिति द्वारा रामायण पाठ के साथ भव्य कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। करीब 150 वर्ष पुराने इस ऐतिहासिक मंदिर में हनुमान जी की स्वयंभू प्रतिमा विराजमान है। मंदिर में यहां हनुमान जी के साथ गणेश, सती माता और शीतला माता की प्रतिमाएं भी स्थापित हैं। ऐसी मान्यता है मंदिर की मंदिर में प्रतिदिन दीपक लगाने से श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। मंदिर की सेवा मिश्रा परिवार द्वारा पीढ़ियों से की जा रही है, जो इस परंपरा को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं। मंदिर परिसर में इन दिनों धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला जारी है। प्रतिदिन सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन, अभिषेक-पूजन और आरती के आयोजन हो रहे हैं, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। साथ ही मंदिर को आकर्षक स्वरूप देने के लिए रंग-रोगन, सजावट और साफ-सफाई का कार्य भी जोरों पर चल रहा है। पंडित विद्याधर उपाध्याय ने बताया कि शनिवार से शुरू हुआ रामायण पाठ 1 अप्रैल तक चलेगा। इसी दिन प्रात: 6 बजे से अखंड रामायण पाठ का विशेष आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। हनुमान जन्मोत्सव का मुख्य आयोजन 2 अप्रैल को होगा। इस दिन सुबह पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी, जिसके बाद सुबह 9 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। दोपहर में विशाल भंडारे का आयोजन होगा, वहीं शाम को 56 भोग अर्पित किए जाएंगे। रात्रि में भव्य महाआरती के साथ आयोजन का समापन होगा। आयोजन समिति के अनुसार 28 मार्च से ही विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम प्रारंभ हो चुके हैं और तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। जन्मोत्सव समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ लेने की अपील की है। हर वर्ष की तरह इस बार भी हनुमान जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता, सहयोग और समर्पण का संदेश भी देता है।

Views Today: 6
Total Views: 6

