-किताबें सस्ती करो, मनमानी पर लगाम लगाओ : शांति जैसानी
अनोखा तीर, हरदा। शिक्षा के बढ़ते खर्च को लेकर अब विरोध तेज हो गया है। जमना जैसानी फाउंडेशन ने निजी स्कूलों की मनमानी फीस और महंगी किताबों के खिलाफ आवाज उठाते हुए सरकार से तत्काल सख्त कदम उठाने की मांग की है। फाउंडेशन के सदस्य शांति कुमार जैसानी ने कहा कि आज शिक्षा आम आदमी की पहुंच से धीरे-धीरे दूर होती जा रही है। निजी स्कूल ट्यूशन फीस के अलावा एडमिशन, वार्षिक शुल्क, एक्टिविटी और ट्रांसपोर्ट के नाम पर अभिभावकों से भारी-भरकम राशि वसूल रहे हैं। उन्होंने कहा, फीस के साथ महंगी किताबों का बोझ अभिभावकों की कमर तोड़ रहा है। हर वर्ष नई किताबें लागू करने की परंपरा ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। मध्यम और सामान्य वर्ग के परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई जारी रखने के लिए कर्ज लेने तक को मजबूर हैं। फाउंडेशन ने मांग की है कि स्कूल की किताबों के दामों पर सख्त नियंत्रण लागू किया जाए, हर साल किताब बदलने की अनावश्यक परंपरा पर रोक लगे, निजी स्कूलों की फीस पर नियंत्रण के लिए कड़े नियम बनाए जाएं तथा अतिरिक्त शुल्क (एडमिशन, एक्टिविटी, ट्रांसपोर्ट) में पारदर्शिता अनिवार्य की जाए। साथ ही स्कूलों में बुक बैंक और सस्ती किताबों की व्यवस्था लागू करने की बात भी कही गई है। फाउंडेशन ने स्पष्ट कहा कि शिक्षा एक मूलभूत अधिकार है, इसे मुनाफे का जरिया नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, अगर समय रहते नियंत्रण नहीं हुआ, तो शिक्षा केवल अमीरों तक सीमित रह जाएगी। फाउंडेशन ने सरकार से अपील की है कि शिक्षा को सुलभ, सस्ती और समान बनाने के लिए तुरंत प्रभावी नीति लागू की जाए, ताकि कोई भी बच्चा आर्थिक कारणों से पढ़ाई से वंचित न रहे।
Views Today: 18
Total Views: 18

