-हजारों सामाजिकजनों के बीच हुई निकाह की रश्में
अनोखा तीर, हरदा। शहर के खेड़ीपुरा स्थित ईदगाह में रविवार को मुस्लिम समुदाय का सामूहिक निकाह सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें 47 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य निकाह में होने वाली फिजूलखर्ची और सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाना था। सम्मेलन में हरदा सहित आसपास के गांवों और शहरों से बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। यह सामूहिक निकाह गौसो ख्वाजा गंजे शकर वेलफेयर कमेटी द्वारा ऑल मुस्लिम समाज इज्तिमाई निकाह शादी सम्मेलन के तहत आयोजित किया गया था। कमेटी का मकसद शादियों में होने वाले अनावश्यक खर्च, दिखावे और बढ़ती कुरीतियों को रोकना है। इस सम्मेलन में सभी 47 जोड़ों और उनके रिश्तेदारों ने एक ही पंडाल में निकाह किया। पूरे आयोजन का खर्च सामूहिक भागीदारी से वहन किया गया। सोसायटी के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में लोग शादियों में दिखावे के लिए अनावश्यक खर्च करते हैं, जिससे गरीब तबके के लोग भी प्रभावित होते हैं और कई परिवार आर्थिक रूप से बर्बाद हो जाते हैं। इन परिवारों को बर्बादी से बचाने के लिए यह आयोजन किया गया है। आयोजन समिति ने सभी 47 जोड़ों को गृहस्थी का सामान भी प्रदान किया। इसमें टीवी, फ्रिज, सोफा सेट, अलमारी, वॉशिंग मशीन, पलंग, कूलर, सिलाई मशीन, बर्तन और जेवरात शामिल थे। इस अवसर पर गौसो ख्वाजा गंजे शकर वेलफेयर कमेटी के अध्यक्ष मो. अनीस, उपाध्यक्ष जाफर हुसैन, सचिव मकसूद अहमद, आसिफ और कोषाध्यक्ष अलीम सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। जिला वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष मकसूद अहमद ने कहा कि ऐसे आयोजन एक मिसाल पेश करेंगे, जिससे अनावश्यक खर्च और दिखावे में कमी आएगी तथा एक सम्मानजनक माहौल बनेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे अन्य समाज भी प्रेरणा लेंगे।
Views Today: 10
Total Views: 10

