-एक दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में सम्मिलित हुए हेमंत खंडेलवाल
अनोखा तीर, हरदा। शहर के बायपास रोड स्थित रेवा गार्डन में रविवार को भाजपा नगर मंडल का एक दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग हुआ। इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए निगम-मंडल में अध्यक्षों की नियुक्ति और मूंग खरीदी को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पद खाली नहीं रहेगा और सभी नियुक्तियां निश्चित समय पर की जाएंगी। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा हर नियुक्ति निश्चित समय पर करती है। सरकार या पार्टी में कोई भी पद खाली नहीं रहेगा। उन्होंने नगर परिषदों में एल्डरमैन की नियुक्तियों पर भी बात की। उन्होंने बताया कि कई कार्यकर्ता इन विषयों के जानकार हैं, जिन्हें शासन ने नगर पालिका और नगर परिषद में नियुक्त किया है। ये अपनी जानकारी और ज्ञान का उपयोग नगर के विकास में करेंगे।
भाजपा किसानों की सरकार
प्रदेश में मूंग खरीदी न होने के सवाल पर प्रदेशाध्यक्ष ने किसानों को आश्वस्त किया। उन्होंने कहा, जो आपने पूछा वह हुआ ना। आगे भी निश्चिंत रहिए। भाजपा किसानों की सरकार है। इस बयान से उन्होंने मूंग खरीदी को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेशाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को राष्ट्र प्रथम का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एकमात्र ऐसा राजनीतिक संगठन है जो राष्ट्र को प्रथम रखते हुए कार्य करता है, पार्टी दूसरे नंबर पर और कार्यकर्ता तीसरे नंबर पर आता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बड़ा दिल रखकर काम करने, पुराने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान करने और उनसे समय-समय पर मार्गदर्शन लेने का आग्रह किया।
‘बड़े दिल के साथ कार्य करना चाहिएÓ
खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं को यह भी सलाह दी कि यदि कोई साथी किसी कारणवश नाराज हो गया है या दूर हो रहा है, तो उसे वापस पार्टी से जोड़ने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता को अपनी भूल को याद रखते हुए और सामने वाले की भूल को माफ करते हुए बड़े दिल के साथ कार्य करना चाहिए, ताकि पार्टी और अधिक मजबूत हो सके। समापन सत्र में पूर्व मंत्री कमल पटेल, डॉ. प्रभुराम चौधरी, भरतसिंह राजपूत, जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र शाह, देवी सिंह सांखला, बसंत राजपूत, राजेश गोदारा, मनीष निशोद, नगर मंडल अध्यक्ष नितेश बादर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Views Today: 10
Total Views: 10

